जातीय आधारित गणना सर्वे को सार्वजनिक करने का स्वागत करते हुए स्थानीय विधायक कुमार कृष्ण मोहन उर्फ सुदय यादव राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव को बधाई दी है। बधाई देते हुए कहा कि जातीय आंकड़ा जारी होने से सरकार को गरीबों के हित में योजना बनाने में मदद मिलेगी। श्री यादव ने कहा कि सरकार ने कम समय में आंकड़ा जारी कर बिहार हीं नहीं देश के समक्ष एक नजीर पेश की है और एक लंबी लकीर खींच दी है। अब सरकार त्वरित गति से वंचित वर्गो के समग्र विकास एवं हिस्सेदारी को इन आंकड़ों के आलोक में सुनिश्चित करेगी। श्री यादव ने कहा कि भाजपा की अनेकों साजिशों, कानूनी अड़चनों और षड़यंत्र के बावजूद सरकार ने गरीबों के हित में जातीय आंकड़ा सार्वजनिक किया। अब भाजपा के लोग बताएं कि केन्द्र की सरकार पूरे देश में कब जातीय जनगणना करायेगी। श्री यादव ने कहा कि जातीय आंकड़े जारी होने से अब धानुक, धुनिया, नाई, कुम्हार, बढ़ई, मोमिन, अंसारी, जुलाहा सहित कई जातियों के बारे में भी पता चला है, जिनके बारे में अब तक पूरी जानकारी नहीं थी। ये आंकड़े इन जातियों के विकास के लिए योजना बनाने में सहायक होंगे। श्री यादव ने कहा कि महागठबंधन की सरकार आए दिन बिहार के लोगों के हित के लिए कार्य कर रही है। चाहे नौकरी देने का सवाल हो या रोजगार देने का सरकार हर मोर्चे से बिहार की जनता के साथ न्याय कर रही है। श्री यादव ने कहा कि बिहार की जनता भाजपा सरकार के मंसूबे को जान गई है। आगामी लोकसभा के चुनाव में बिहार की जनता केन्द्र की भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकेगी। बधाई देने वालों में राजद जिलाध्यक्ष महेश ठाकुर, प्रधान महासचिव परमहंस राय, पैक्स अध्यक्ष सूर्यदेव यादव, सुरेश यादव, कारू पंडित, पप्पु मल्लिक, डाॅ अजय यादव, अरविन्द्र चन्द्रवंशी, अनिल पासवान, अरमान मल्लिक आदि शामिल हैं।

























